मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज ग्वालियर पहुंचे। एयरपोर्ट पर उन्होंने मीडिया से चर्चा करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के ग्वालियर आगमन और भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती को लेकर अहम जानकारी दी।
ग्वालियर पहुंचने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कुछ ही देर में देश के केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ग्वालियर पहुंचने वाले हैं। उन्होंने बताया कि कल का दिन मध्यप्रदेश के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 25 दिसंबर को भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती है, जिसे पूरे प्रदेश में गरिमा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इसी अवसर पर ग्वालियर में ‘एमपी अभ्युदय ग्रोथ समिट’ का आयोजन किया जा रहा है।
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी का जीवन राष्ट्र सेवा, सुशासन और जनकल्याण को समर्पित रहा है। उनकी जयंती पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम प्रदेश के विकास की दिशा में एक नया संदेश देंगे।
मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं और आम जनता से अपील की कि वे बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाएं।


