कटनी जिला अस्पताल में रोगी कल्याण समिति के तहत काम करने वाले करीब 13 कर्मचारियों के लिए इन दिनों हालात ‘कभी खुशी–कभी गम’ जैसे हो गए हैं। पिछले साल अक्टूबर, नवंबर और दिसंबर में समन्वय की कमी के कारण कर्मचारियों को रोगी कल्याण समिति और आउटसोर्स एजेंसी दोनों से वेतन मिल गया था। लेकिन जब मामला सामने आया तो जनवरी, फरवरी और मार्च का वेतन रोककर अब उस राशि का समायोजन किया जा रहा है।
जिला अस्पताल में एक्स-रे टेक्नीशियन, इलेक्ट्रिशियन, माली, चालक, वार्ड बॉय और आया सहित करीब 13 कर्मचारी कई वर्षों से सेवा दे रहे हैं। हाल ही में इन्हें मल्टी ग्रुप-डी में शिफ्ट कर आउटसोर्स एजेंसी कॉमथेन से जोड़ा गया है।
विभाग और एजेंसी के बीच समन्वय की कमी के चलते तीन महीनों तक कर्मचारियों को डबल भुगतान हो गया था। जांच के बाद अब उसी राशि का समायोजन किया जा रहा है, जिसके चलते कर्मचारियों को पिछले तीन महीने से वेतन नहीं मिला है।
कर्मचारियों का कहना है कि वे 15 से 20 वर्षों से अस्पताल में सेवा दे रहे हैं, लेकिन आउटसोर्स व्यवस्था के कारण अब उनके भविष्य को लेकर चिंता बढ़ गई है।
