विदिशा जिले के गंजबासौदा में आबकारी विभाग ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मुखबिर की सूचना पर की गई दो अलग-अलग छापेमारी में करीब एक लाख चालीस हजार रुपये की देसी और विदेशी शराब जब्त की गई है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है, जबकि दूसरे मामले में आरोपी फरार है।
पहली कार्रवाई गंजबासौदा के जेल रोड स्थित नरवरिया ढाबे पर की गई, जहां आबकारी टीम ने दबिश देकर 3 पेटी मसाला शराब, 3 पेटी प्लेन शराब और 1 पेटी गोवा ब्रांड की शराब जब्त की। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जिसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
वहीं दूसरी कार्रवाई वार्ड क्रमांक 21 में मोनू पंथी के घर पर की गई। यहां से 22 पेटी देसी और विदेशी शराब बरामद की गई, लेकिन आरोपी मौके से फरार हो गया। उसके खिलाफ भी 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
आबकारी विभाग के अनुसार दोनों मामलों में जब्त की गई शराब की कुल कीमत लगभग 1 लाख 40 हजार रुपये आंकी गई है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।


