ग्वालियर पुलिस ने महाराजपुरा इलाके में शादी समारोह के दौरान हुई 11 लाख रुपए की चोरी का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 7 लाख 80 हजार रुपए की नकदी बरामद की है। चोरी की वारदात राजगढ़ जिले की कड़िया सांसी गैंग ने अंजाम दी थी। पुलिस फरार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
घटना 28 नवंबर की रात भिंड रोड स्थित अभिनंदन वाटिका की है, जहां प्रवीण सिंह का लग्न फलदान कार्यक्रम चल रहा था। दुल्हन पक्ष की ओर से दी गई 11 लाख रुपए की नगदी कमरे में रखी हुई थी। समारोह के बीच एक बच्चा चोरी से रकम ले गया, जिसका खुलासा CCTV फुटेज के जरिए हुआ।
फुटेज के आधार पर महाराजपुरा पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी इनपुट और मुखबिर तंत्र के आधार पर पुलिस को राजगढ़ की कड़िया सांसी गैंग का सुराग मिला। उसी के बाद पुलिस ने राजगढ़ में दबिश देकर संतोष सांसी नाम के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने चोरी की वारदात में शामिल होने की बात कबूली और उसके पास से 7 लाख 80 हजार रुपए की राशि भी बरामद कर ली गई।
पुलिस अब गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है और बची हुई रकम बरामद करने की कोशिश जारी है।


