Home » देश-विदेश » तीन वर्षीय मासूम बच्ची और उसकी मां की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, जांच में जुटी पुलिस

तीन वर्षीय मासूम बच्ची और उसकी मां की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, जांच में जुटी पुलिस

Facebook
X
WhatsApp

मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले के करेली थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां तीन वर्षीय मासूम बच्ची और उसकी मां की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपनी बच्ची के छोटे-छोटे वीडियो साझा किया करती थी, लेकिन अब दोनों की मौत से इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि लगातार प्रताड़ना के चलते मां और बच्ची की जान गई। घटना के बाद मृतका के पिता, बहन और अन्य परिजन रो-रोकर बदहवास हैं और उन्होंने इसे हत्या करार दिया है।

इस मामले में करेली थाना प्रभारी रत्नाकर हिंगवे ने बताया कि ग्राम कोदसा निवासी जुगल पटेल की बहू मुस्कान और उसकी तीन वर्षीय बेटी की साड़ी के फंदे से मौत हुई है। ससुर द्वारा दोनों को फंदे से नीचे उतारा गया। पुलिस ने मामले को संदेहास्पद मानते हुए जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया परिजनों को पुलिस कस्टडी में लिया गया है और शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

मृतका के पिता रामेश्वर पटेल ने आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले चार वर्षों से उनकी बेटी को ससुराल में परेशान किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि कई बार पैसे भी दिए गए, इसके बावजूद प्रताड़ना बंद नहीं हुई। पिता का आरोप है कि पहले महिला की हत्या की गई और बच्ची ने घटना देख ली, इसलिए उसकी भी जान ले ली गई।

मृतका की छोटी बहन ने भी ससुराल पक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि ननद, जो डॉक्टर बताई जा रही है, फोन के माध्यम से मानसिक प्रताड़ना दिलवाती थी। परिजनों का आरोप है कि सास, ससुर और पति सभी प्रताड़ित करते थे।
फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि मामला आत्महत्या का है या हत्या का। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

mpmedia24
Author: mpmedia24

ताजा खबरें