इंदौर में दूषित पानी पीने से 10 से अधिक लोगों की मौत के मामले को लेकर युवा कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उनका पुतला दहन किया। युवा कांग्रेस का कहना है कि इस गंभीर मामले में न तो मंत्री ने कोई ठोस कदम उठाया और न ही पीड़ित परिवारों को राहत दिलाने की कोशिश की गई। इसके साथ ही पत्रकारों के सवालों पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर भी नाराजगी जताई गई।
युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इंदौर की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की। साथ ही दूषित पानी की आपूर्ति के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज करने की मांग उठाई गई। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और मुख्यमंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की भी मांग की।


