कटनी कोतवाली थाना क्षेत्र में दो दिन पहले नगर निगम कर्मचारियों को डंडा दिखाकर धमकाने और नगर निगम आयुक्त को गाली-गलौज करने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। आरोपी श्याम सुंदर पांडे की अब तक गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज़ नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी सड़कों पर उतर आए। सभी ने काली पट्टी बांधकर नगर निगम कार्यालय के सामने नारेबाजी की, सड़क जाम किया और बाद में कोतवाली थाने का घेराव किया।
नगर निगम अध्यक्ष, डिप्टी कमिश्नर सहित अधिकारी-कर्मचारी एकजुट होकर थाने पहुंचे और मांग की कि आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया जाए तथा दर्ज धाराओं में बढ़ोतरी की जाए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि तय समय में कार्रवाई नहीं हुई तो नगर निगम का कामकाज ठप कर दिया जाएगा। सफाई, जलापूर्ति, कचरा वाहन और बिजली जैसी सेवाएं भी बाधित की जाएंगी।
कोतवाली थाना प्रभारी राखी पांडे ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी और मामले में विधिसम्मत कार्रवाई जारी है।


