नरसिंहपुर के स्टेडियम ग्राउंड में स्वदेशी मेले का भव्य शुभारंभ किया गया। मेले का उद्घाटन पंचायत एवं श्रम विभाग के कैबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल ने किया। यह मेला 5 तारीख से शुरू होकर 15 तारीख तक चलेगा।
उद्घाटन के दौरान मंत्री प्रहलाद पटेल ने लोगों से स्वदेशी अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भरता और स्वावलंबन एक-दूसरे के पूरक हैं। देश में हर हाथ को काम मिले, यही सरकार की मंशा है।
मंत्री ने कहा कि भारतीय शैली और स्वदेशी उत्पादों की मांग अब पूरी दुनिया में बढ़ रही है। स्वदेशी वस्तुओं को अपनाकर न सिर्फ देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि कारीगरों और छोटे उद्यमियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
मंत्री प्रहलाद पटेल ने प्रांत के सभी पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया और सागर स्वावलंबी सेंटर की सराहना करते हुए कहा कि यह सेंटर पूरे विश्व में तीसरे स्थान पर है, जो मध्य प्रदेश के लिए गर्व की बात है।
