मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले में पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना स्टेशनगंज पुलिस ने 24 घंटे के भीतर चोरी की एक बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए 8 लाख 50 हजार रुपये का माल बरामद कर लिया है। इस मामले में घर में काम करने वाली नौकरानी को गिरफ्तार किया गया है, जिसने लालच में आकर इस घटना को अंजाम दिया था।
मामला नरसिंहपुर जिले के स्टेशनगंज थाना क्षेत्र का है, जहां 30 जनवरी 2025 को फरियादी रिटायर्ड रेलवे कर्मचारी शिव कुमार मिश्रा के घर से बड़ी चोरी की वारदात हुई थी। जब वे रात 9 बजे अपने परिवार के साथ किसी कार्यक्रम में गए थे, तभी घर में रखे 8.50 लाख रुपये के आभूषण व नकदी चोरी कर लिए गए।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही हमने तत्काल जांच शुरू की और संदेह के आधार पर घर में काम करने वाली नौकरानी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया और चोरी किए गए सभी सामान को बरामद कर लिया गया।
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी नौकरानी ने सोने की चूड़ियां, हार, मंगलसूत्र, बिछिया, अंगूठियां और नकदी चुराई थी। उसने चोरी का सामान अपनी रिश्तेदार के घर पर छिपा रखा था। पुलिस की सतर्कता और तेजी से इस मामले का 24 घंटे के भीतर ही खुलासा हो गया।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है। वहीं, पुलिस अधीक्षक ने टीम को इस सफलता के लिए बधाई दी है।


