पन्ना जिले के पवई स्थित सिद्ध स्थल हनुमान भाटे मां कलेही देवी मंदिर में नववर्ष एक जनवरी को लगने वाले एक दिवसीय मेले की तैयारियां जोरों पर हैं। हर वर्ष लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं।
सोमवार देर शाम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पन्ना वंदना सिंह चौहान ने मेला स्थल पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान एसडीएम समीक्षा जैन, थाना प्रभारी त्रिवेंद्र त्रिवेदी और नगर परिषद के आशीष पटेल भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने पार्किंग, यातायात व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती और भीड़ नियंत्रण को लेकर निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मेले के दौरान यातायात व्यवस्था में परिवर्तन किया गया है। पवई–मोहन्द्रा मार्ग पूरी तरह बंद रहेगा। सिमरिया–मोहन्द्रा से पवई आने वाले श्रद्धालुओं को सिमरिया–अमानगंज मार्ग का उपयोग करना होगा। वहीं कटनी से दमोह और सिमरिया जाने वाले वाहन अमानगंज होते हुए सिमरिया जाएंगे।
प्रशासन ने मेला क्षेत्र में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात करने की योजना बनाई है, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित रूप से दर्शन और मेले का आनंद ले सकें।


