कटनी जिले के ढीमरखेड़ा तहसील क्षेत्र में बसों से महाविद्यालय जाने वाली छात्राओं से कंडक्टरों द्वारा अधिक किराया वसूले जाने का मामला सामने आया है। इससे नाराज़ छात्राएं और ग्रामीण महिलाएं महिला सरपंच के साथ थाने पहुंचीं और एसडीओपी से शिकायत की।
छात्राओं ने बताया कि दूरस्थ गांवों से कॉलेज जाने के लिए बस ही एकमात्र साधन है, लेकिन कंडक्टर तय किराए से अधिक भाड़ा वसूल रहे हैं, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ढीमरखेड़ा भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष एवं ठिर्री ग्राम पंचायत की सरपंच छवि गौतम ने बताया कि गांव में शराब की अवैध पैकारियों के कारण महिलाओं को आने-जाने में दिक्कत हो रही है। उन्होंने पुलिस से इन अवैध गतिविधियों को बंद कराने की मांग की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी ने थाना प्रभारी को शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने बताया कि बस किराए को लेकर बस संचालकों से चर्चा कर व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही ठिर्री गांव में अवैध शराब पैकारी की शिकायत पर कार्रवाई की जाएगी।
छात्राओं ने महाविद्यालयीन शिक्षा के लिए कोचिंग की भी मांग रखी है, जिस पर पुलिस प्रशासन द्वारा सहयोग का आश्वासन दिया गया है।


