कटनी जिले के विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बरही इलाके में एक महिला की मारपीट के बाद हुई मौत के मामले को लेकर जिला अस्पताल में जमकर हंगामा हुआ। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और न्यायिक जांच की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार मवेशी हटाने को लेकर हुए विवाद में महिला के साथ मारपीट की गई, जिसमें उसकी मौत हो गई। इस घटना में तीन अन्य लोग घायल भी बताए जा रहे हैं। पीड़ित पक्ष ने पाठक परिवार पर महिला की हत्या का आरोप लगाया है।
परिजनों का आरोप है कि इस मामले में बरही पुलिस ने समय पर एफआईआर दर्ज नहीं की और जानबूझकर मामले को दबाने की कोशिश की गई। यही नहीं, परिजनों का यह भी कहना है कि जिला अस्पताल परिसर में आरोपी पक्ष द्वारा उन्हें धमकाया गया, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया।
घटना से आक्रोशित पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने पहले जिला अस्पताल परिसर में हंगामा किया, इसके बाद न्याय की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।


