Home » देश-विदेश » मोबाइल स्टेटस पर अश्लील टिप्पणी बनी मौत की वजह, दो मासूमों की माँ ने लगाई फाँसी

मोबाइल स्टेटस पर अश्लील टिप्पणी बनी मौत की वजह, दो मासूमों की माँ ने लगाई फाँसी

Facebook
X
WhatsApp

कटनी जिले के ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्र से एक बेहद संवेदनशील और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां मोबाइल स्टेटस को लेकर हुए विवाद और कथित मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न से परेशान एक महिला ने आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे गांव में आक्रोश है और परिजन आरोपियों के खिलाफ कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं।

ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम कटरिया निवासी सलमा ने अपने मोबाइल स्टेटस पर फोटो लगाई थी, जिस पर पड़ोस में रहने वाले शिवम चौधरी द्वारा लगातार अश्लील टिप्पणियां की जा रही थीं। महिला द्वारा विरोध करने पर आरोपी कथित तौर पर उग्र हो गया और अपने परिवार के साथ सलमा के घर पहुंचकर गाली-गलौज और मारपीट करने लगा।

उस वक्त सलमा घर में अपने दो छोटे बच्चों के साथ अकेली थी। लगातार अपमान, अश्लील शब्दों और मारपीट से मानसिक रूप से टूट चुकी सलमा ने घर के कमरे में खुद को बंद कर पंखे से दुपट्टे के सहारे फांसी लगा ली।

कुछ देर बाद जब परिजन मौके पर पहुंचे तो सलमा मृत अवस्था में पाई गई। सूचना मिलते ही ढीमरखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को फंदे से उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश देखने को मिला। परिजनों ने आरोपी शिवम चौधरी, उसके भाई और मां पर गंभीर आरोप लगाते हुए महिला को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। तीनों आरोपी घटना के बाद से फरार हैं।

अफजल खान (भाई) “मेरी बहन को लगातार परेशान किया जा रहा था, उसे बेइज्जत किया गया… अगर समय पर कार्रवाई होती तो आज वह जिंदा होती।”

सकीना बी (रिश्तेदार) “उसके छोटे-छोटे बच्चे अब मां के बिना रह गए हैं, दोषियों को फांसी मिलनी चाहिए।”

नसीमा बी (चाची) “हमने उसे बहुत समझाया, लेकिन जो उसके साथ हुआ वह बर्दाश्त के बाहर था।”

अभिषेक चौबे, थाना प्रभारी (ढीमरखेड़ा) ने कहा “मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश जारी है, जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।”

mpmedia24
Author: mpmedia24

ताजा खबरें