विदिशा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 22 वर्षीय शुभम चौबे के रूप में हुई है, जो इंद्रप्रस्थ कॉलोनी का ही निवासी था।
जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 9 बजे करैयाखेड़ा रोड निवासी कुछ युवकों ने शुभम चौबे पर चाकू से हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शुभम ने कुछ दिन पहले एक युवती के साथ छेड़छाड़ कर रहे युवकों को रोका था, इसी बात को लेकर आरोपियों ने बदले की भावना से उस पर हमला किया।
घटना के दौरान शुभम के साथ मारपीट की गई और चाकू से गंभीर वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में शुभम को मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर रात में ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे, सिविल लाइन थाना प्रभारी आर.के. मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जांच शुरू की गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटना से जुड़े कुछ सीसीटीवी फुटेज और अन्य अहम जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।


