रायसेन जिले में बरेली–पिपरिया मुख्य मार्ग पर नयागांव के पास सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन पुलिया का एक हिस्सा अचानक धंस गया, जिसमें कई वाहन और राहगीर इसकी चपेट में आ गए। हादसे में लगभग एक दर्जन लोग घायल हुए हैं। दो गंभीर घायलों को इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया है, जबकि बाकी का उपचार बरेली सिविल अस्पताल में जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुलिया पर मरम्मत और निर्माण कार्य लंबे समय से चल रहा था, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतज़ाम नहीं किए गए थे। कार्य के दौरान ट्रैफिक को भी नहीं रोका गया और न ही कोई वैकल्पिक मार्ग बनाया गया था। पुलिया का बीच का हिस्सा अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिससे दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए और कई अन्य मलबे में दबकर चोटिल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुँचे। क्षतिग्रस्त हिस्से को तुरंत बैरिकेड कर आवाजाही बंद कर दी गई। राहत-बचाव का काम तेज़ी से शुरू किया गया और घायलों को अस्पताल पहुँचाया गया।
वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही मध्यप्रदेश के लोक स्वास्थ्य राज्यमंत्री नरेंद्र पटेल प्रशासनिक टीम के साथ सिविल अस्पताल पहुँचे। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और गंभीर घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने बताया कि निर्माण कार्य में लापरवाही की जाँच की जाएगी और दोषी ठेकेदार या कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि जब तक पुलिया पूरी तरह सुरक्षित न हो, तब तक वैकल्पिक मार्ग अनिवार्य किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाएँ न हों।


