उदयपुरा, रायसेन जिले के उदयपुरा जनपद के मोहड़ कला गांव से शिक्षा विभाग की गंभीर लापरवाही सामने आई है। प्राथमिक शाला में दोपहर लगभग 2 बजे ही ताला लगा दिया गया, जबकि स्कूल का निर्धारित समय इससे आगे तक होता है। समय से पहले स्कूल बंद होने से दर्जनों बच्चे पढ़ाई से वंचित हो रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार यह स्थिति लगातार जारी है।
उदयपुरा जनपद शिक्षा केंद्र के अंतर्गत ग्राम मोहड़ कला स्थित प्राथमिक स्कूल में समय से पहले ताला लगाने का मामला सामने आया है। गुरुवार को दोपहर लगभग 2 बजे ही स्कूल बंद कर दिया गया, जबकि रजिस्टर में स्कूल में 68 बच्चों का नाम दर्ज है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या कई दिनों से लगातार बनी हुई है, जिससे बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है। स्कूल समय से पहले बंद होने के पीछे शिक्षक अनुपस्थित रहने और जिम्मेदारी की कमी को बड़ी वजह माना जा रहा है।
जब इस मामले में BRC मुन्नालाल गोलियां से बात की गई तो उन्होंने स्कूल व्यवस्था की जिम्मेदारी बीओ और संकुल प्रभारी पर डालते हुए कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। वहीं ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।


