प्रसूता की मौत से भड़का बंजारा समाज, डॉक्टर और पुलिसकर्मी पर कार्रवाई की मांग
विदिशा: लटेरी के शासकीय अस्पताल में डिलीवरी के दौरान एक महिला की मौत के बाद हंगामा खड़ा हो गया। परिजनों ने डॉक्टर और एक पुलिसकर्मी पर मारपीट के गंभीर आरोप लगाते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर बंजारा समाज के लोग सड़क पर उतर आए और नेशनल हाईवे जाम कर दिया।
मृतक महिला उमाबाई बंजारा (उम्र 25 वर्ष) को परिजन डिलीवरी के लिए लटेरी के शासकीय अस्पताल लेकर पहुंचे थे। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल स्टाफ ने डिलीवरी के नाम पर 10 हजार रुपये की मांग की। डिलीवरी के दौरान महिला की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।
परिजनों का कहना है कि मौत के बाद अस्पताल प्रबंधन ने बेहोशी का बहाना बनाकर महिला को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इसी दौरान परिजनों के साथ ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर और एक पुलिसकर्मी द्वारा मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही लटेरी एसडीएम और तहसीलदार मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन आरोपी डॉक्टर और पुलिसकर्मी पर कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
बंजारा समाज के लोगों ने अस्पताल और थाने के बाहर जमकर नारेबाजी की। शाम करीब 5 बजे आक्रोशित लोगों ने लटेरी के नेशनल हाईवे पर चक्का जाम कर दिया, जिससे यातायात बाधित हो गया।
पुलिस ने मौके पर अतिरिक्त बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। फिलहाल परिजन और समाजजन दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, वहीं प्रशासन मामले की जांच की बात कह रहा है।


