पवई मध्य प्रदेश : लोक शिक्षण संचालनालय के निर्देशानुसार एवं जिला शिक्षा अधिकारी पन्ना के मार्गदर्शन में पवई विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों में स्वदेशी जागरण सप्ताह के अंतर्गत स्वदेशी जागरण अभियान चलाया गया। इसी कड़ी में प्रभारी विकासखंड शिक्षा अधिकारी संतोष गौतम के नेतृत्व में ब्लॉक स्तरीय टीम ने शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पवई, शासकीय सांदीपनि उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तथा सरस्वती शिशु मंदिर में पहुंचकर बच्चों के साथ संवाद किया और जागरूकता कार्यक्रमों में भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान स्वदेशी जागरण अभियान प्रभारी रघुवीर तिवारी (बीएसी) ने बच्चों को स्वदेशी की अवधारणा से परिचित कराया तथा देशी वस्तुओं के उपयोग को बढ़ावा देने का आह्वान किया। वहीं FLN मास्टर ट्रेनर सौरभ जैन ने विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर भारत की दिशा में स्वदेशी वस्तुओं के प्रयोग की महत्ता समझाई।
कार्यक्रम में विकसित भारत – बिल्डाथोन 2025 के ब्लॉक नोडल अमित रेले ने शिक्षकों को इस नवाचार कार्यक्रम के तहत विद्यालयों के विद्यार्थियों को अपने रचनात्मक विचारों को पोर्टल पर प्रजेंटेशन अथवा वीडियो के रूप में अपलोड करने की प्रक्रिया से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थी इस अभियान के माध्यम से अपने नए विचार प्रस्तुत कर देश के विकास में योगदान दे सकते हैं।विद्यालयों के शिक्षकों ने भी स्वदेशी जागरण एवं स्वच्छता अभियान पर अपने विचार व्यक्त किए तथा विद्यार्थियों को स्वदेशी उत्पादों के उपयोग और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों ने गायन, चित्रकला,भाषण एवं स्वदेशी पर आधारित रचनाओं के माध्यम से अपनी प्रतिभा प्रस्तुत की।
कार्यक्रम के अंत में सभी शिक्षकों व विद्यार्थियों ने स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर रामचरण गुप्ता (प्राचार्य, कन्या उमावि पवई), रामकृष्ण नगायच (प्राचार्य, सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय पवई) एवं सुरेश सेन (प्रधानाचार्य, सरस्वती शिशु मंदिर पवई) सहित सभी विद्यालयों के शिक्षकों की सराहनीय उपस्थिति और सहयोग रहा।
स्वदेशी के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता और गर्व का वातावरण निर्मित करते हुए यह अभियान आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक प्रेरणादायी कदम है।


