Home » देश-विदेश » विदिशा : अरिहंत ज्वैलर्स डकैती केस में पुलिस को बड़ी सफलता, सवा 5 किलो चांदी के साथ आरोपी दबोचा

विदिशा : अरिहंत ज्वैलर्स डकैती केस में पुलिस को बड़ी सफलता, सवा 5 किलो चांदी के साथ आरोपी दबोचा

Facebook
X
WhatsApp

विदिशा के अरिहंत ज्वैलर्स डकैती मामले में कोतवाली पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करते हुए सवा पाँच किलो चांदी बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।

दरअसल, खरीफाटक रोड स्थित अरिहंत ज्वैलर्स में हुई डकैती के मामले में फरार आरोपी जीतू पारदी, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम गड़ला गिर्द, हाल हड्डी मिल, जिला गुना को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी को थाना बजरंगगढ़ क्षेत्र के जंगल से पकड़ा गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया सवा पाँच किलो चांदी का सामान और वारदात में इस्तेमाल किए गए औजार भी जप्त किए हैं।

गौरतलब है कि 3 जनवरी 2026 को अज्ञात बदमाशों ने अरिहंत ज्वैलर्स के ताले तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी किए थे। इस मामले में पहले ही तीन आरोपी और दो विधि विरुद्ध बालक गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जिनसे करीब 13 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया गया था।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

वहीं, 360 डिग्री दृष्टि अभियान के तहत सराफा एसोसिएशन की ओर से जिले में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने के लिए पुलिस को 2 लाख रुपये का चेक सौंपा गया है, जिससे शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।

mpmedia24
Author: mpmedia24

ताजा खबरें