विदिशा जिले के पठारी थाना क्षेत्र के चंदनपुर गांव में बिजली के पोल पर काम कर रहे एक आउटसोर्स कर्मचारी की करंट लगने से मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों ने दूसरे दिन शव को सड़क पर रखकर चक्का जाम किया और जिम्मेदारों पर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की।
जानकारी के अनुसार मृतक चंद्रेश विश्वकर्मा बिजली विभाग में आउटसोर्स कर्मचारी था और ट्रांसफार्मर से जुड़े पोल पर काम कर रहा था। बताया जा रहा है कि कार्य के दौरान बिजली लाइन बंद रखी गई थी, लेकिन इसी बीच अचानक बिजली सप्लाई चालू कर दी गई, जिससे चंद्रेश को तेज करंट लगा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने आरोप लगाया कि विभाग की लापरवाही के कारण यह दुर्घटना हुई है। उनका कहना है कि यह एक “हादसा” नहीं बल्कि “गंभीर लापरवाही” का परिणाम है।
घटना के बाद परिजन और ग्रामीण सोमवार सुबह शव को सड़क पर रखकर बैठ गए और चक्का जाम कर दिया। उन्होंने मांग की कि मृतक के परिवार के एक सदस्य को तत्काल शासकीय नौकरी दी जाए और जिम्मेदार कर्मचारियों पर FIR दर्ज हो।
हंगामा बढ़ता देख अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे, राजस्व विभाग और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत की। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
अधिकारियों द्वारा समझाइश और आश्वासन के बाद परिजन शव का अंतिम संस्कार करने को तैयार हुए।


