विदिशा : कफ सिरप से बच्चों की मौत पर विदिशा में दवा सैंपलिंग शुरू अब तक संदिग्ध सिरप नहीं मिली
एमपी और राजस्थान में कफ सिरप पीने से बच्चों की मौत के बाद अब विदिशा जिले में दवा जांच अभियान तेज कर दिया गया है।
ड्रग इंस्पेक्टर जॉन प्रवीण कुजूर ने बताया कि जिले के सभी मेडिकल स्टोर्स पर जांच की जा रही है और कई दवाओं के सैंपल एकत्र किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि, “फिलहाल विदिशा जिले में ऐसी कोई दवा नहीं मिली है जो राजस्थान या छिंदवाड़ा में हुई घटनाओं से संबंधित कंपनी की हो। सभी मेडिकल स्टोरों की सैंपलिंग की जा रही है ताकि किसी भी तरह की संदिग्ध दवा की बिक्री को रोका जा सके।”
वहीं विदिशा जिला केमिस्ट एसोसिएशन के सचिव नवल शास्त्री ने बच्चों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया और प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की।
उन्होंने कहा कि, “हम ड्रग विभाग और शासन के सभी निर्देशों का पालन कर रहे हैं। जिले के सभी मेडिकल स्टोर संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि अगर किसी प्रकार की संदिग्ध दवा मिलती है तो उसकी जानकारी तुरंत संघ को दें और दवा को कंपनी को वापस करें।”
नवल शास्त्री ने यह भी कहा कि, “एसोसिएशन की सर्वोच्च प्राथमिकता जनसुरक्षा और बच्चों की सुरक्षा है, और इस दिशा में सभी सदस्य पूरी सतर्कता बरत रहे हैं।”


