विदिशा विधानसभा में आयोजित सांसद खेल महोत्सव का समापन समारोह रविवार को भव्य रूप से संपन्न हुआ। एसएसएल जैन कॉलेज परिसर में हुए इस कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
समापन समारोह में विधायक मुकेश टंडन सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे। सांसद खेल महोत्सव के तहत फुटबॉल, कबड्डी, क्रिकेट, रस्साकसी समेत कई खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव का उद्देश्य गांव और कस्बों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाना है। उन्होंने बताया कि संसदीय क्षेत्र की सभी आठ विधानसभा क्षेत्रों के खेल महोत्सव का संयुक्त समापन कार्यक्रम रायसेन में आयोजित किया जाएगा।
मीडिया से बातचीत में केंद्रीय मंत्री ने पत्रकार के साथ मारपीट की घटना को गलत बताते हुए कहा कि मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में चल रही नई योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि मनरेगा के अंतर्गत अब 100 दिन के बजाय 125 दिन का रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गांव के लोग स्वयं तय करेंगे कि किस तरह के विकास कार्य किए जाएं, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और विकास दोनों को बढ़ावा मिलेगा।
शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि नई योजनाओं को लेकर बेवजह भ्रम फैलाया जा रहा है, जबकि ये योजनाएं ग्रामीण विकास और रोजगार सृजन के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।


