शराब पीकर पत्नी और बच्चों को निर्दयता से पीटता है पिता
कटनी रेलवे स्टेशन पर दो मासूम बच्चों को लावारिस हालत में बैठे देख एक यात्री ने हिम्मत दिखाई और जीआरपी पुलिस को सूचना दी। पूछताछ में मासूमों ने जो सच बताया, उसने सभी को झकझोर कर रख दिया। बच्चों ने बताया कि उनके पिता शराब के नशे में आए दिन मां से मारपीट करते हैं और इसी डर से वे घर छोड़कर भाग आए।
कटनी जीआरपी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बच्चों से बातचीत की और उनकी मां को थाने बुलवाया। थाने पहुंचीं पीड़िता महिला शाहाना खातून ने बताया कि उनका परिवार उमरिया जिले का रहने वाला है और उनका पति मोहम्मद कौशर शराब के नशे में रोज़ उनके साथ मारपीट करता है। इसी वजह से उनके बच्चे सहमे रहते थे और डर की वजह से घर छोड़कर निकल भागे।
महिला ने कहा कि वह बच्चों की तलाश कर रही थी और उमरिया थाने में इसकी शिकायत भी दर्ज करा चुकी थी। तभी अचानक कटनी जीआरपी से फोन आया कि उनके बच्चे कटनी स्टेशन पर मिल गए हैं। यह खबर सुनकर शाहाना खातून तुरंत कटनी पहुंचीं, जहां जीआरपी पुलिस ने उनके बच्चों को सुरक्षित सुपुर्द किया। मां से मिलकर बच्चे और महिला दोनों भावुक हो उठे और उन्होंने कटनी जीआरपी का आभार जताया।


