गंज बासौदा के एसजीएस ग्राउंड पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में आयोजित सांसद खेल महोत्सव का विधानसभा स्तरीय समापन समारोह भव्य रूप से संपन्न हुआ। समापन अवसर पर केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ बासौदा विधायक श्री हरिसिंह रघुवंशी, कुरवाई विधायक श्री हरिसिंह सप्रे, विदिशा विधायक श्री मुकेश टंडन, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गीता कैलाश रघुवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती शशि अनिल यादव, जनपद अध्यक्ष श्रीमती नीतू देवेंद्र सिंह रघुवंशी सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
समापन समारोह में विधानसभा स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता के बालक एवं बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले खेले गए, जिसमें बासौदा नगर मंडल विजेता और बासौदा ग्रामीण मंडल उपविजेता रहा, जबकि तीसरे स्थान पर ग्यारसपुर मंडल रहा। वहीं क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में बासौदा नगर मंडल ने विजय प्राप्त की और त्योंदा मंडल उपविजेता रहा, जबकि सिरनौटा मंडल ने तृतीय स्थान हासिल किया।
केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने विजेता, उपविजेता और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को ट्रॉफी और शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही उन्होंने विजेता टीम को 1 लाख 50 हजार रुपये, उपविजेता को 1 लाख रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त टीम को 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि देने की घोषणा की।
इससे पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री के गंज बासौदा पहुंचने पर विभिन्न स्थानों पर उनका भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने खुली जीप में बैठकर खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया।
जिला अधिकारी श्री प्रदीप सिंह रावत के निर्देशन में 17 नवंबर से 27 दिसंबर तक मंडल स्तरीय क्रिकेट एवं कबड्डी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इससे पहले 101 ग्राम पंचायत स्तर पर रस्साकशी, चेयर रेस और नींबू रेस जैसी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। आयोजन को सफल बनाने में ब्लॉक समन्वयक नूरजहां बानो मंसूरी सहित समस्त रेफरी और अंपायरों की अहम भूमिका रही।
समापन अवसर पर खिलाड़ियों, खेलप्रेमियों और उपस्थित नागरिकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
