मध्यप्रदेश पुलिस एक तरफ तो सूदखोरी और भू माफियाओं के खिलाफ अभियान चला रही है, वहीं ग्रामीण भोले भाले किसान आज भी ठगी का शिकार होने पर बेबस नजर आ रहे हैं।
एक ऐसे ही मामले में जबलपुर जिले के मझौली थाना अंतर्गत ग्राम देवरी अमगवां निवासी जागेश्वर प्रसाद तिवारी ने अपनी आपबीती में बताया कि ग्राम मझौली निवासी सूदखोर व भू माफिया सत्येंद्र कुमार सोनी उर्फ श्रीराम सोनी से जागेश्वर तिवारी ने कृषि कार्य के लिए आवश्यकतानुसार 2024 में अलग अलग मदों में 20 लाख रुपए 4 प्रतिशत प्रतिमाह ब्याज पर नगद लिए थे, जिसकी वापसी के रूप में सत्येंद्र सोनी ने नगद एवं बैंक के माध्यम से एक वर्ष के अंदर लगभग 72 लाख रुपए ऐंठ लिए जो किसान ने अपनी जमीन व फसल बेचकर चुकाई है, लेकिन कर्ज़ है कि चुकने का नाम ही नहीं ले रहा है, वह अभी भी 30 लाख रुपए और या 2 एकड़ जमीन की मांग कर रहा है, अब सोनी अमानत के लिए रखे गए चेक भी बाउंस करवाकर कानूनी उलझन खड़ी कर रहा है।
हार थककर ग्रामीण किसान ने थाने में गुहार लगाकर न्याय और अपनी सुरक्षा की माँग की है, किसान का कहना है कि सोनी परिवार रसूखदार है, एवं अपने आपको स्थानीय विधायक का खास बताता है।
वहीं स्थानीय लोगों की मानें तो सोनी परिवार के और भी ऐसे कई मामले हैं जिसमें इस परिवार के द्वारा ठगी और जबरन कब्जे किए गए हैं, मझौली के ग्राम अमगवां निवासी प्रशांत पांडे बताते हैं कि मझौली थानांतर्गत सिहोरा रोड में उसके पिता ने घर खरीदा था, जिसकी रजिस्ट्री भी उनके पास है, जिसे खाली देखकर सोनी परिवार के एक सदस्य ने किराए पर ले लिया और फिर कभी खाली नहीं किया, उसपर कब्जा कर लिया, जिसका मामला अदालत में विचाराधीन हैं।
वहीं सूत्रों की माने तो इसी मझौली निवासी एक व्यक्ति को श्रीराम सोनी ने 10 लाख का कर्ज देकर उससे 16 लाख रुपए वसूल लिए , लेकिन इनके रसूख के चलते उक्त व्यक्ति ने कार्यवाही के लिए आवाज ही नहीं उठाई।


