विदिशा पुलिस ने 3 साल की लापता बच्ची को 48 घंटे के भीतर सुरक्षित बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में मानव तस्करी के आरोप में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी ने कंट्रोल रूम में प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी।
7 दिसंबर को 3 वर्षीय बच्ची अचानक लापता हो गई थी। परिवार के पास बच्ची की कोई फोटो न होने के कारण पुलिस के लिए पहचान करना सबसे बड़ी चुनौती थी। इसके बाद पुलिस ने बच्ची के कपड़ों और हुलिये के आधार पर तलाश शुरू की।
शहर के कई इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। पुलिस टीम ने सैकड़ों लोगों से पूछताछ की और लगातार 48 घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया।
पुलिस ने बच्ची के साथ चार अन्य बच्चों को भी सुरक्षित बरामद किया है।
मानव तस्करी की धाराओं के तहत अर्जुन पाल, हरिबाई, जितेंद्र पाल और रवि पाल को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है।
पुलिस ने बच्ची को सुरक्षित उसके दादा-दादी के सुपुर्द कर दिया है


