देवेंद्रनगर पुलिस ने ईद एवं चैत्र नवरात्रि को ध्यान में रखते हुए नगर में किया फ्लैग मार्च
ईद एवं चैत्र नवरात्रि के मद्देनजर नगर में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए देवेंद्रनगर पुलिस ने रविवार को फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान पुलिस बल ने नगर के मुख्य बाजारों, संवेदनशील इलाकों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर गश्त कर लोगों को सुरक्षा का संदेश दिया।फ्लैग मार्च का नेतृत्व एसडीओपी एस पी सिंह बघेल ने किया, जिसमें पुलिस बल के जवानों के साथ-साथ होमगार्ड भी शामिल रहे। फ्लैग मार्च नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए विभिन्न धार्मिक स्थलों के आसपास भी पहुंचा, जहां एसडीओपी व थाना प्रभारी ने स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों से संवाद कर किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की।
एसडीओपी ने कहा कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और त्योहारों के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने लोगों को भरोसा दिलाया कि वे निडर होकर त्योहार मनाएं और किसी भी अफवाह से बचें। नगरवासियों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की और सहयोग का आश्वासन दिया।


