विदिशा : वोट चोरी और बिहार SIR को लेकर दिल्ली में विपक्षी सांसदों के पैदल मार्च के दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अखिलेश यादव समेत कई नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
इसके विरोध में विदिशा में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहित रघुवंशी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित रघुवंशी ने कहा कि राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग पर वोट चोरी के गंभीर आरोप लगाए थे और इसके सबूत भी पेश किए थे। विपक्षी दल इसी मुद्दे को लेकर पैदल मार्च कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने नेताओं को बीच रास्ते से ही गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि देश के मतदाताओं के साथ छल किया जा रहा है, एक ही वोटर नंबर कई राज्यों में दर्ज है, यहां तक कि एक ही वोटर नंबर पांच जगह पकड़ा गया है।
मोहित रघुवंशी ने चेतावनी दी कि अगर केंद्र सरकार ने यही रवैया जारी रखा तो कांग्रेस उग्र आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि यह जनता के अधिकार और वोट की रक्षा की लड़ाई है, जिसे किसी भी कीमत पर जारी रखा जाएगा।


