कटनी जिले के कुठला थाना क्षेत्र अंतर्गत बिलहरी चौकी पुलिस ने सराहनीय कार्य करते हुए एक युवक की जिंदगी बचाई है। पुलिस को सूचना मिली कि घुघरा वाटरफॉल में नहाते समय एक युवक पानी के तेज बहाव में डूब गया है।
एडीशनल एसपी संतोष डेहरिया ने बताया कि पुलिस को सूचना मिलते ही बिलहरी पुलिस स्टाफ तत्काल FRV वाहन के साथ मौके पर पहुंचा। वहां मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया कि युवक पत्थरों की गुफा जैसे हिस्से में पानी के अंदर फंसा हुआ है और मदद के लिए पुकार रहा है। पुलिसकर्मियों ने बिना वक्त गंवाए स्थानीय लोगों की मदद से रस्से का सहारा लिया और तेज बहाव के बीच फंसे युवक को बड़ी मशक्कत से सुरक्षित बाहर निकाला। बचाए गए युवक की पहचान कमलेश कोल पिता हल्के कोल, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम पिपरिया परौहा, चौकी बिलहरी के रूप में हुई है। पुलिस की तत्परता और साहस से कमलेश की जिंदगी बचाई जा सकी। स्थानीय लोगों ने बिलहरी पुलिस की इस सराहनीय कार्रवाई की खुलकर तारीफ की।


