पवई में ब्लाइंड मर्डर का खुलासा
पत्नी को परेशान करने पर दोस्त ने ही की थी हत्या;अपराध छुपाने मृतक के शव व बाइक को भी दफनाया था।
पुलिस ने एक चौंकाने वाले हत्याकांड का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपनी ही पत्नी को परेशान करने के कारण दोस्त को मौत के घाट उतार दिया था। हत्या के बाद उसने शव और मोटरसाइकिल दोनों को जमीन में दफना दिया था, ताकि कोई सबूत न मिले।
पन्ना की पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता नायडू और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदना चौहान के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
दरसल 22 जुलाई 2025 को पवई थाने में रामप्यारे चौधरी ने अपने 30 वर्षीय बेटे राजकुमार चौधरी के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की। इसी दौरान अमानगंज थाना क्षेत्र के जड़िया नाले के पास एक अज्ञात शव मिलने की सूचना मिली। मृतक के कपड़ों और अन्य पहचान के आधार पर शव की पहचान राजकुमार चौधरी के रूप में हुई।
शुरुआत में यह मामला संदिग्ध लग रहा था, इसलिए पवई थाना प्रभारी त्रिवेन्द्र त्रिवेदी ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक ने मामले की बारीकी से जांच के लिए एक टीम का गठन किया।
पुलिस टीम ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया और मृतक का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मौके पर मिले सबूतों से यह साफ हो गया कि यह एक हत्या का मामला है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई। पुलिस ने तकनीकी सबूतों का विश्लेषण किया और मृतक के परिवार और ग्रामीणों से पूछताछ की। इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति की पहचान हुई। पुलिस ने साइबर सेल की मदद से मुखबिरों को सक्रिय किया और उस व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी सुखदास आदिवासी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि मृतक राजकुमार उसकी पत्नी को लगातार परेशान कर रहा था, जिससे तंग आकर उसने राजकुमार को मारने की योजना बनाई। 23 जुलाई 2025 की रात, उसने राजकुमार को नयागांव बुलाकर शराब और मांसाहार की पार्टी की। इसके बाद, उसने अपने एक साथी की मदद से राजकुमार का गला दबाकर हत्या कर दी। सबूत मिटाने के लिए उसने शव को नाले के किनारे एक गड्ढे में दफना दिया था। उसने मृतक की मोटरसाइकिल को भी कुछ दूरी पर गड्ढा खोदकर छिपा दिया था।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतक की मोटरसाइकिल बरामद कर ली है और उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस दूसरे आरोपी की भी तलाश में जुटी है।


