विदिशा में कोतवाली पुलिस की बड़ी सफलता
अंतरराज्यीय गिरोह के 5 आरोपी गिरफ्तार
कोतवाली पुलिस ने बालाजी मंदिर, किले अंदर विदिशा में भक्तों की भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं के गले से सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने राजस्थान व उत्तर प्रदेश के जिलों में सक्रिय इस गैंग के 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लगभग 15 लाख रुपये मूल्य का माल बरामद किया है।
सीसीटीवी और पूछताछ से मिला सुराग
चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस ने करीब 250 सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा 150 से अधिक लोगों से पूछताछ की। तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस ने गिरोह की पहचान की और आरोपियों को दबोचा। पुलिस ने आरोपियों से नकदी 1,15,000 रुपये, 4 मंगलसूत्र, सोने की एक चेन और एक ऑटोरिक्शा जब्त किया है।
चोरी कैसे करते थे आरोपी
गिरोह सोशल मीडिया, यूट्यूब और टीवी के माध्यम से ऐसे धार्मिक आयोजनों पर नजर रखता था जहां भीड़ अधिक रहती हो। मंदिरों और मेलों में यह महिलायें देखते ही उनके गले से सोने-चांदी के आभूषण भीड़ का फायदा उठाकर उड़ा देते थे। चोरी के बाद प्रदेश बदलकर अपने ठिकानों में छिप जाते थे।
31 अक्टूबर 2025 को बालाजी मंदिर में भीड़ के दौरान महिलाओं के मंगलसूत्र व चेन चोरी हो गई थीं। घटना के बाद पुलिस ने व्यापक जांच शुरू कर अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया।


