चाकूबाजी कर फरार आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ा, कोतवाली पुलिस ने भेजा जेल।
कटनी के मुख्य रेलवे स्टेशन गेट के बाहर 22 वर्षीय रेलवे का ठेका कर्मचारी शंशाक शुक्ला पर हुए चाकू हमले के मामले में कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी नितिन उर्फ करिया को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड पुराना है और उसके खिलाफ पहले से ही कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
कोतवाली थाना प्रभारी राखी पांडे ने बताया कि 28 नवंबर को रेलवे ठेकेदार के अधीन कार्यरत कर्मचारी शंशाक शुक्ला पर दो युवकों ने चाकू से हमला किया और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने घायल के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। इसी कड़ी में बैलटघाट क्षेत्र में दबिश के दौरान नितिन उर्फ करिया को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक अपचारी आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश तेजी से की जा रही है। थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि गिरफ्तार आरोपी नितिन के खिलाफ पूर्व में भी मारपीट, अवैध गतिविधियों समेत कई मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।


