पन्ना पुलिस की सतर्कता से एक बड़ी आपराधिक वारदात होने से पहले ही टल गई। थाना गुनौर क्षेत्र में सुपारी देकर हत्या की साजिश रच रहे तीन आरोपियों को पुलिस ने शूटर समेत गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी फरार बताया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक पन्ना निवेदिता नायडू के निर्देशन में गुनौर थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता मिली। थाना प्रभारी गुनौर निरीक्षक माधवी अग्निहोत्री को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गुनौर स्थित विद्युत कार्यालय के पास कुछ संदिग्ध लोग एक व्यक्ति की हत्या की योजना बना रहे हैं और उनके पास अवैध हथियार भी हैं।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और बिना नंबर की बोलेरो कार में बैठे तीन आरोपियों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त दो वाहन बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि पुरानी रंजिश के चलते कस्बा निवासी भूरा चंदेल की हत्या के लिए 50 हजार रुपये की सुपारी तय की गई थी। इसमें से 5 हजार रुपये एडवांस दिए जा चुके थे। आरोपी विद्युत कार्यालय के पीछे बैठकर हत्या की पूरी योजना बना रहे थे।
पुलिस की समय रहते की गई कार्रवाई से यह जघन्य अपराध होने से पहले ही विफल हो गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
मामले में थाना गुनौर में अपराध क्रमांक 388/25 के तहत बीएनएस की धारा 49 एवं आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 में प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है।


