उमरिया जिले के नौरोजाबाद थाना क्षेत्र में एक ट्रांसपोर्ट चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। अखडार निवासी और सिंह ट्रांसपोर्ट में कार्यरत चालक सज्जन का शव धमनी तिराहा के पास एक कुएं से बरामद किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही नौरोजाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाया। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी। शव काफी समय तक पानी में रहने के कारण उसे नौरोजाबाद एसईसीएल के रीजनल अस्पताल की मर्चुरी में सुरक्षित रखा गया था।
आज रीजनल अस्पताल में मृतक के शव का पंचनामा तैयार कर विधिवत पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं इस मामले में ड्राइवर महासंघ उमरिया के अध्यक्ष ने हत्या की आशंका जताई है।
ड्राइवर संघ का कहना है कि जिस तरह शव कुएं में मिला है और घटनास्थल से काफी दूरी पर मृतक की बाइक बरामद हुई है, वह सामान्य दुर्घटना नहीं लगती। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतक की बाइक का घटनास्थल से दूर मिलना जांच का अहम बिंदु है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सज्जन अंतिम बार किसके संपर्क में था, वह कहां गया था और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है, साथ ही कॉल डिटेल्स और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।


