Home » देश-विदेश » अमित शाह के ग्वालियर दौरे की तैयारियां तेज, प्रभारी मंत्री सिलावट ने किया मेला मैदान का निरीक्षण

अमित शाह के ग्वालियर दौरे की तैयारियां तेज, प्रभारी मंत्री सिलावट ने किया मेला मैदान का निरीक्षण

Facebook
X
WhatsApp

देश के गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित ग्वालियर दौरे को लेकर प्रशासनिक और सुरक्षा स्तर पर तैयारियां तेज़ हो गई हैं। 25 दिसंबर को आयोजित होने जा रहे ‘एमपी अभ्युदय ग्रोथ समिट’ की तैयारियों की निगरानी स्वयं जिले के प्रभारी मंत्री एवं जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट कर रहे हैं।

ग्वालियर पहुंचे प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने मेला मैदान पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह की एंट्री से लेकर रवानगी तक के पूरे रोडमैप को बारीकी से परखा और प्रशासन व पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने समिट में शामिल होने वाले उद्योगपतियों, निवेशकों और हितग्राहियों के स्वागत, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, ट्रैफिक मैनेजमेंट और वीआईपी मूवमेंट को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि हितग्राहियों को लेकर आने वाले हर वाहन में प्राथमिक उपचार के लिए मेडिकल किट उपलब्ध होनी चाहिए, साथ ही सतत निगरानी और मजबूत इंटेलिजेंस व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

इस मौके पर ग्वालियर सांसद भारत सिंह कुशवाहा भी मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर आयोजित इस समिट में गृह मंत्री अमित शाह के साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शिरकत करेंगे। निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर रुचिका चौहान, संभागीय आयुक्त मनोज खत्री, आईजी अरविंद सक्सेना और निगम आयुक्त संघ प्रिय सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

mpmedia24
Author: mpmedia24

ताजा खबरें