केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया आज ग्वालियर पहुंचे। एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने अटल बिहारी वाजपेई की जयंती और कल आयोजित होने वाले ‘अभ्युदय मध्य प्रदेश’ कार्यक्रम को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि ग्वालियर, मध्य प्रदेश और देश के लिए कल का दिन बेहद महत्वपूर्ण है।
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई ग्वालियर की माटी के ऐसे सपूत थे, जिनके विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। अटल जी के विकास, सुशासन और अंत्योदय के सिद्धांतों पर चलते हुए मध्य प्रदेश आज प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। कल आयोजित ‘अभ्युदय मध्य प्रदेश’ कार्यक्रम अटल जी को सच्ची श्रद्धांजलि होगा, जिसमें उनके विज़न को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया जाएगा।
सिंधिया ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई जी से सिंधिया परिवार का गहरा और भावनात्मक संबंध रहा है। उन्होंने देश को विकास की नई दिशा दी, और आज जो परिवर्तन देश और प्रदेश में दिख रहा है, उसकी नींव अटल जी ने रखी थी।
ग्वालियर की खराब सड़कों को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस अब केवल गिट्टी और मिट्टी डालने तक सिमट गई है। कांग्रेस ने वर्षों तक प्रदेश को गड्ढों में डाला और अब वह जीवन भर भी उन्हें नहीं भर पाएगी। 20–25 साल पहले और आज के मध्य प्रदेश में जमीन-आसमान का फर्क है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अटल बिहारी वाजपेई की विकास परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। अब प्रदेश में केवल घोषणाएं नहीं हो रहीं, बल्कि दो लाख करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य धरातल पर उतर चुके हैं।


