मध्य प्रदेश के उमरिया ज़िले से बड़ी खबर सामने आ रही है।
बांधवगढ़ टाइगर रिज़र्व में एक बाघ शावक तीसरे दिन भी लापता है, जिससे वन विभाग की चिंता बढ़ गई है। शावक की सुरक्षित तलाश के लिए वन विभाग द्वारा लगातार सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, बांधवगढ़ टाइगर रिज़र्व के पनपथा बफर ज़ोन अंतर्गत सलखनिया बीट से रेस्क्यू की गई एक मादा बाघिन के दो शावकों को वन परिक्षेत्र ताला की बीट बठान स्थित इन्क्लोजर में रखा गया था। दोनों शावकों को पालन-पोषण के बाद बड़े इन्क्लोजर में शिफ्ट किया जाना था।
इसी दौरान परिवहन की तैयारी के लिए लगाए गए केज का सहारा लेकर एक बाघ शावक इन्क्लोजर से बाहर निकल गया, जिसके बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ वन अधिकारियों को सूचित किया गया और तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
शावक की तलाश के लिए पालतू हाथियों, विशेष गश्ती दलों और पेट्रोलिंग वाहनों की मदद ली जा रही है। संभावित मूवमेंट वाले इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है और पूरे क्षेत्र में अलर्ट जारी किया गया है।
वन विभाग ने आसपास के ग्रामीणों से सतर्क रहने और जंगल क्षेत्र में अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की है।
अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और शावक की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।
