केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया चार दिवसीय दौरे पर ग्वालियर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में चंबल एक्सप्रेस-वे, खेल अधोसंरचना, आध्यात्मिक विरासत और केंद्र सरकार की योजनाओं को लेकर बड़ा बयान दिया।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि चंबल एक्सप्रेस-वे को लेकर सभी बाधाएं दूर कर ली गई हैं और आने वाले समय में ग्वालियर में 42 हजार सीटों वाला स्टेडियम तैयार किया जाएगा।
उन्होंने सोमनाथ मंदिर के इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि हजार वर्षों के संघर्ष के बावजूद सोमनाथ भारत की आध्यात्मिक शक्ति का प्रतीक बनकर उभरा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत न केवल आर्थिक बल्कि आध्यात्मिक रूप से भी विश्व पटल पर आगे बढ़ रहा है।
सिंधिया ने किसानों और स्वयं सहायता समूहों के लिए हुए अहम एमओयू की जानकारी देते हुए कहा कि कीटनाशकों की जांच अब 48 से 72 घंटे में होगी, वहीं 12 करोड़ स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को इंडियन पोस्ट पेमेंट बैंक के माध्यम से प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर मिलेंगे, जिससे वे 15 से 30 हजार रुपये तक मासिक आय अर्जित कर सकेंगी।
दिग्विजय सिंह के एसआईआर पर सवाल उठाने के बयान पर पलटवार करते हुए सिंधिया ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का मत सर्वोपरि है, हार-जीत के आधार पर नियम नहीं बदले जा सकते।
