Home » देश-विदेश » 260 CCTV और 180 पूछताछ के बाद सुलझी विदिशा की ज्वैलरी शॉप डकैती

260 CCTV और 180 पूछताछ के बाद सुलझी विदिशा की ज्वैलरी शॉप डकैती

Facebook
X
WhatsApp

अरिहंत ज्वैलर्स डकैती का खुलासा, 3 आरोपी और 2 नाबालिग गिरफ्तार

विदिशा में ज्वैलरी शॉप डकैती के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोतवाली पुलिस ने अरिहंत ज्वैलर्स डकैती कांड का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों और दो विधि विरुद्ध बालकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 13 लाख रुपये का चोरी किया गया माल और वारदात में इस्तेमाल की गई बोलेरो गाड़ी भी जब्त की है।

बताया जा रहा है कि 03 जनवरी 2026 की रात विदिशा के खरीफाटक रोड स्थित अरिहंत ज्वैलर्स में अज्ञात बदमाशों ने दुकान के ताले तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए थे। घटना के बाद कोतवाली थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी के निर्देश पर इस मामले के खुलासे के लिए 8 विशेष टीमों का गठन किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने विदिशा सहित सिरोंज, गुलाबगंज, गंजबासौदा, लटेरी, आनंदपुर, आरोन और गुना क्षेत्र के 260 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही 180 से ज्यादा संदिग्धों से पूछताछ की गई। तकनीकी साक्ष्य और फिंगरप्रिंट के आधार पर पुलिस को अहम सुराग मिले।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने गुना जिले के हनौतिया, आरोन रोड क्षेत्र से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उनके साथ दो विधि विरुद्ध बालकों की संलिप्तता भी सामने आई। आरोपियों के पास से करीब 13 लाख रुपये मूल्य का चांदी का सामान और वारदात में इस्तेमाल की गई बोलेरो गाड़ी बरामद की गई है।

गिरफ्तार आरोपियों में अमन वंशकार, राम सिंह पारदी और कालीचरण पारदी शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि इस पूरे ऑपरेशन में 150 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे, जिनकी संयुक्त कार्रवाई से इस डकैती का सफलतापूर्वक खुलासा हो सका।

 

mpmedia24
Author: mpmedia24

ताजा खबरें