छतरपुर में सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार को नई दिशा देने के उद्देश्य से बागेश्वर धाम सेवा समिति द्वारा केंद्रीय सुंदरकांड कार्यालय की शुरुआत की गई। जिला मुख्यालय पर खोले गए इस कार्यालय का शुभारंभ बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया। उद्घाटन अवसर पर समिति के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि केंद्रीय सुंदरकांड कार्यालय की स्थापना सनातन धर्म के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से की गई है। उन्होंने बताया कि यह कार्यालय धार्मिक आयोजनों, सुंदरकांड पाठ और सामाजिक गतिविधियों के संचालन का केंद्र बनेगा।
इस दौरान बागेश्वर महाराज ने आगामी 15 फरवरी को बागेश्वर धाम में होने वाले सामूहिक कन्या विवाह समारोह की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में देश-विदेश से संत-महात्मा, सन्यासी और एनआरआई श्रद्धालु शामिल होंगे।
पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने स्पष्ट किया कि यह आयोजन सभी के लिए खुला है और जो भी इसमें सम्मिलित होना चाहते हैं, उनका स्वागत है।
