कटनी जिले में शासकीय मेडिकल कॉलेज की माँग को लेकर जनआंदोलन तेज हो गया है। इसी कड़ी में 20 जनवरी को कटनी बंद का आव्हान किया गया है। जिले में यह माँग लंबे समय से उठाई जा रही है, जिसे लेकर पूर्व में भी विभिन्न ब्लॉकों और तहसीलों में आंदोलन और प्रदर्शन होते रहे हैं।
पिछली सरकार के दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा शासकीय मेडिकल कॉलेज का आश्वासन दिया गया था। वहीं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद विष्णुदत्त शर्मा भी सार्वजनिक मंचों पर कटनी को मेडिकल कॉलेज दिलाने की बात कह चुके हैं।
अब मध्यप्रदेश सरकार द्वारा PPP (पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल पर कटनी में मेडिकल कॉलेज खोलने की तैयारी की जा रही है, जिसके तहत शासकीय जिला अस्पताल भी निजीकरण के दायरे में आ जाएगा। आंदोलनकारियों का कहना है कि इससे आम और गरीब जनता की सस्ती व सुलभ चिकित्सा सुविधा प्रभावित होगी।
इसी के विरोध में कटनी की स्वयंसेवी सामाजिक संस्थाओं, व्यापारियों और विभिन्न राजनीतिक दलों ने एकजुट होकर कटनी बंद का समर्थन किया है। सोमवार शाम को शहर में मशाल जुलूस निकालकर विरोध प्रदर्शन किया गया और व्यापारियों से बंद में सहयोग की अपील की गई।
आंदोलनकारियों का साफ कहना है कि शासकीय मेडिकल कॉलेज के स्थान पर PPP मॉडल कटनीवासियों को स्वीकार नहीं है, और जब तक माँग पूरी नहीं होती, विरोध जारी रहेगा।
