Home » देश-विदेश » फर्जी फॉर्म-7 से वोट कटौती का आरोप, कटनी में मतदाता सूची में बड़ी साजिश का खुलासा

फर्जी फॉर्म-7 से वोट कटौती का आरोप, कटनी में मतदाता सूची में बड़ी साजिश का खुलासा

Facebook
X
WhatsApp

कटनी जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान वोट चोरी और बड़े पैमाने पर गड़बड़ी के गंभीर आरोप सामने आए हैं। जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं अधिवक्ता मिथलेश जैन ने भाजपा पर सुनियोजित तरीके से फर्जी फॉर्म-7 लगाकर हजारों मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से कटवाने की साजिश रचने का आरोप लगाया है।

जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित पत्रकार वार्ता में मिथलेश जैन ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 23 दिसंबर 2025 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया था। इसके बाद नाम जोड़ने और हटाने के लिए फॉर्म-6 और फॉर्म-7 आमंत्रित किए गए। इसी प्रक्रिया का दुरुपयोग कर बड़े पैमाने पर नाम हटाने की आपत्तियाँ दर्ज कराई गईं।

उन्होंने आरोप लगाया कि रघुनाथगंज वार्ड क्रमांक-23 के बूथ नंबर 178, न्यू कटनी जंक्शन क्षेत्र के बूथ क्रमांक 138 से 149 सहित कई वार्डों में एक साथ हजारों फर्जी आपत्तियाँ तहसील कंट्रोल रूम में जमा की गईं। इन फॉर्म-7 में मतदाताओं के नाम कंप्यूटर टाइप पाए गए, जबकि आपत्तिकर्ताओं के नाम और हस्ताक्षर हस्तलिखित हैं, जो फर्जीवाड़े की ओर इशारा करता है।

प्रेस वार्ता में यह भी सामने आया कि जिन लोगों के नाम से आपत्तियाँ दाखिल की गईं, उन्होंने लिखित शिकायत देकर बताया कि उन्होंने न तो कोई आपत्ति लगाई और न ही किसी फॉर्म पर हस्ताक्षर किए। ग्राम गुलवारा निवासी दिलीप हल्दकार ने जिला निर्वाचन अधिकारी को दिए आवेदन में बताया कि उनके नाम और फर्जी हस्ताक्षर का उपयोग कर फॉर्म-7 भरा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे अंग्रेज़ी में हस्ताक्षर करते हैं, जबकि फॉर्म में हिंदी हस्ताक्षर दर्शाए गए हैं।

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के कई बूथों पर कांग्रेस समर्थित, अल्पसंख्यक और विशेष वर्ग के मतदाताओं को निशाना बनाकर फर्जी आपत्तियाँ लगाई गई हैं, ताकि उन्हें वोटर लिस्ट से बाहर किया जा सके। कांग्रेस ने मांग की है कि नाम कटौती के लिए प्रस्तुत सभी फॉर्म-7 तत्काल जब्त किए जाएँ, निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए।

इस मामले में कटनी कलेक्टर आशीष तिवारी ने बताया कि शिकायतें प्राप्त हुई हैं। SIR की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता से चल रही है और प्राप्त शिकायतों की जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

mpmedia24
Author: mpmedia24

ताजा खबरें