भोपाल केमिस्ट एसोसिएशन द्वारा आयोजित मध्यप्रदेश केमिस्ट प्रीमियर लीग (सीपीएल) टूर्नामेंट में भागीदारी को लेकर विदिशा बाउंसर स्पोर्ट्स क्लब ने अपनी स्थिति स्पष्ट की है।
क्लब के अध्यक्ष उमेश सिंघल ने बताया कि यह टूर्नामेंट पिछले 6 वर्षों से आयोजित किया जा रहा है, लेकिन इसकी सूचना क्लब को पहले नहीं दी गई थी, जिसके कारण विदिशा बाउंसर टीम शुरुआत से इसमें शामिल नहीं हो सकी। जैसे ही टूर्नामेंट की जानकारी मिली, क्लब ने तुरंत अपनी टीम को प्रतियोगिता में उतार दिया। उन्होंने बताया कि इस टूर्नामेंट में कुल 16 टीमें भाग ले रही हैं।
वहीं विदिशा बाउंसर स्पोर्ट्स क्लब के कप्तान राजेंद्र भारद्वाज ने टीम की तैयारियों को लेकर बताया कि टीम की रणनीति बेहतर खेल और मजबूत फील्डिंग पर आधारित है, ताकि आने वाले मुकाबलों के साथ-साथ भविष्य के टूर्नामेंट में भी बेहतर प्रदर्शन किया जा सके। प्रैक्टिस मैच के दौरान आई चुनौतियों पर सवाल पूछे जाने पर कप्तान ने मुस्कुराते हुए कहा कि सबसे बड़ी चुनौती सभी खिलाड़ियों को सुबह जल्दी उठना, सभी खिलाड़ियों को एकत्र करना और नियमित रूप से फील्डिंग का अभ्यास कराना रहा जो पहले से हर प्रकार से बहुत बेहतर है
अनिल कटारे ने बताया कि उनकी टीम पहली बार स्टेट लेवल पर खेलने जा रही है और सभी खिलाड़ियों का मनोबल काफी ऊँचा है। उन्होंने कहा कि पिछले डेढ़ महीने से लगातार प्रैक्टिस चल रही है, जिसका असर टीम के प्रदर्शन में साफ दिखाई दे रहा है। शुरुआत में जब टीम मैदान पर उतरी थी, तब स्थिति कुछ अलग थी, लेकिन निरंतर प्रयास और मेहनत से खिलाड़ियों में काफी सुधार हुआ है। अनिल कटारे ने विश्वास जताया कि ईश्वर की कृपा से टीम ट्रॉफी जीतकर लौटेगी।
