Home » देश-विदेश » डॉ. सौरभ जैन की सलाह — होली पर त्वचा की सुरक्षा रखें प्राथमिकता

डॉ. सौरभ जैन की सलाह — होली पर त्वचा की सुरक्षा रखें प्राथमिकता

Facebook
X
WhatsApp

बदलते मौसम, बढ़ते प्रदूषण और त्वचा संबंधी बीमारियों में हो रही बढ़ोतरी के बीच अब रंगों का पावन त्योहार होली भी नजदीक है। यह त्योहार जहां खुशियां और उत्साह लेकर आता है, वहीं जरा सी लापरवाही त्वचा और बालों के लिए परेशानी का कारण बन सकती है। ऐसे में विशेषज्ञ द्वारा विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।

अटल बिहारी मेडिकल कॉलेज, विदिशा के त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. सौरभ जैन (प्रोफेसर) ने त्वचा संबंधी समस्याओं को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी। डॉ. सौरभ जैन ने बताया कि होली के रंग कुछ समय तक त्वचा पर रहना सामान्य है, लेकिन यदि वे लंबे समय तक बने रहें तो त्वचा के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं।

डॉ. सौरभ जैन ने कहा कि होली खेलने से करीब आधा घंटा पहले चेहरे और शरीर पर मॉइस्चराइज़र क्रीम या नारियल तेल अवश्य लगाएं। बालों में भी नारियल तेल लगाकर उन्हें अच्छी तरह बांध लें। पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें। लड़कियां नाखूनों पर नेल पेंट लगा लें, ताकि रंग सीधे नाखूनों पर न चढ़े।

धूप में निकलने से पहले कम से कम 30 SPF की सनस्क्रीन लगाएं। हर्बल या सूखे (गुलाल) रंगों का अधिक उपयोग करें और गीले या केमिकल युक्त रंगों से बचें, ताकि त्वचा को नुकसान न पहुंचे।

डॉ. सौरभ जैन ने विशेष रूप से कहा कि संवेदनशील त्वचा वाले लोगों और 2 साल से छोटे बच्चों को होली खेलने से बचाना चाहिए। संवेदनशील त्वचा पर रैशेज, एलर्जी, खुजली या अन्य त्वचा संबंधी समस्याएं हो सकती हैं।

डॉ. सौरभ जैन ने बताया कि यदि आंखों में रंग चला जाए तो तुरंत आंखों को साफ और ठंडे पानी से अच्छी तरह धो लें। यदि त्वचा में किसी प्रकार की जलन हो तो प्रभावित हिस्से को ठंडे पानी से धोकर एलोवेरा जेल या लैक्टो कैलामाइन क्रीम लगाएं। यदि इसके बाद भी परेशानी बनी रहे तो तुरंत त्वचा विशेषज्ञ से संपर्क करें।

उन्होंने यह भी बताया कि होली के बाद रंग हटाने के लिए बार-बार केमिकल या तेज साबुन का इस्तेमाल न करें। हल्के साबुन (जैसे डव), क्लींजिंग मिल्क या जेंटल क्लींजिंग का उपयोग करें। त्वचा को जोर से रगड़ने से बचें। यदि रंग तुरंत नहीं निकलता तो उसे प्राकृतिक रूप से कुछ दिनों में हटने दें।

डॉ. सौरभ जैन ने अपील की कि सुरक्षित और सोच-समझकर होली खेलें, ताकि त्योहार की खुशी के साथ सेहत भी सुरक्षित रहे।

 

mpmedia24
Author: mpmedia24

ताजा खबरें