शिवपुरी मध्यप्रदेश
रोजगार सहायक पर धोखाधड़ी का आरोप, मामला जनपद पंचायत सीईओ तक पहुंचा
शिवपुरी जिले के खनियाधाना क्षेत्र में ग्राम दिदावनी की ग्रामीण महिलाओं ने जनपद पंचायत खनियाधाना के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) को शिकायत देकर रोजगार सहायक अरविंद यादव पर धोखाधड़ी के गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत में कहा गया है कि आवास योजना के तहत पहली किस्त मिलने के बाद रोजगार सहायक ने कियोस्क संचालक की मदद से प्रत्येक हितग्राही से 20-20 हजार रुपये ले लिए। महिलाओं का आरोप यह भी है उन्होंने अपने आवास बनाने में खुद मजदूरी की है मजदूरी की राशि किसी अन्य खातों में डालकर निकाल ली गई। कुछ राशि उनके खातों में भी आई, लेकिन उसे भी कियोस्क संचालक के माध्यम से निकलवा लिया गया। इतना ही नहीं दो साल से सब्जी योजना की राशि उनके खातों में नहीं आई है, जबकि शासन द्वारा प्रति हितग्राही 1000 रुपये दिए जाने थे। इसके अलावा, कागजों में कुटीर निर्माण पूर्ण दर्शाया गया है और पूरी राशि निकाली जा चुकी है, जबकि मौके पर शासन से स्वीकृत आवास अधूरे हैं।महिलाओं ने कंचनपुरा में चबूतरा निर्माण में भी घोटाले का आरोप लगाया, जहां राशि निकाल ली गई, लेकिन जमीन पर कोई चबूतरा मौजूद नहीं है। ग्रामीणों ने रोजगार सहायक पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज करने की मांग की है और इसकी जांच कर उचित कार्यवाही करने की अपील की है। शिकायत की प्रतिलिपि के साथ शपथ पत्र भी जिला पंचायत सीईओ, जनपद पंचायत सीईओ और थाना प्रभारी बामौरकलां को भेजी गई है


