कटनी के कैमोर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब कैलाश नगर के पास जंगल में एक बुज़ुर्ग व्यक्ति का कंकालनुमा शव बरामद हुआ। शव की पहचान 70 वर्षीय रामसिंह रघुवंशी के रूप में हुई है, जो करीब डेढ़ महीने से लापता थे। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
लकड़ी काटने गए मजदूरों ने घास–फूस के बीच मानव शरीर जैसी आकृति देख पुलिस को सूचना दी। कैमोर पुलिस मौके पर पहुँची और घटनास्थल को घेराबंद कर तलाशी शुरू की। शव की हालत पहचानने लायक नहीं थी, लेकिन आसपास मिले कपड़ों और शारीरिक बनावट के आधार पर मोहल्लेवासियों ने पहचान की।
मानसिक रूप से अस्वस्थ थे रामसिंह
परिजनों के अनुसार रामसिंह मानसिक अस्थिरता से जूझ रहे थे और अक्सर घर से भटक जाते थे। लापता होने के बाद परिवार ने कई जगह तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। मृतक का भाई महेश सिंह मुंबई में मजदूरी करता है और अक्सर बाहर ही रहता है।
कई दिन पुरानी मौत, पुलिस जांच में जुटी
शव की स्थिति देखकर अंदेशा है कि मौत कई दिन पहले हुई होगी। पुलिस ने कपड़े और अन्य साक्ष्य जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। थाने का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह साफ होगी— यह हादसा था, बीमारी से मौत हुई या कोई अन्य कारण।
इलाके में दहशत, परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
जंगल में बुज़ुर्ग के शव मिलने से स्थानीय लोग सदमे में हैं। परिवार में शोक का माहौल है और लोग सांत्वना देने उनके घर पहुँच रहे हैं। पुलिस ने मामले की हर एंगल से जांच का भरोसा दिया है।


